नई दिल्ली: अफगानिस्तान से उठने वाले पश्चिमी विक्षोभ से हवा का रुख लगातार बदल रहा है और इस कारण से आने वाले दो-तीन दिनों में उत्तर भारत के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने से संभावना है.
मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर से उत्तराखंड तक बारिश और हिमपात की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान के अलावा झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक अफगानिस्तान की ओर से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा में सोमवार को हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन के तापमान में 2.2 डिग्री का इजाफा हुआ. सोमवार रात से गरज-चमक साथ बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं. 6 और 7 अप्रैल को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है.
वहीं हिमाचल में 8 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है. तीन दिन तक ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 7 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार हैं. राज्य के मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और तूफान, जबकि ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है.
राजस्थान और मध्यप्रदेश में तापमान 40 डिग्री के आसपास है और हरियाणा में हल्के बादल छाए रहे. स्काईमेट के अनुसार जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 5 अप्रैल और 6 अप्रैल को मौसम गतिविधि की तीव्रता बढ़ने की उम्मीद है.
5 और 6 अप्रैल को उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. राजस्थान में भीषण गर्मी के साथ लू का असर रहा. मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में जबर्दस्त लू चलने के साथ आंधी-अंधड़ का अनुमान है. वहीं 6, 7 अप्रैल को कुछ जिलों में बूंदाबांदी भी होने की संभावना है.

