रांची. राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में सुबह से ही शुक्रवार को आसमान में बादल छाये नजर आ रहे है और अगले 48 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जतायी गयी है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विभाग की ओर से मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 13 मार्च तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 1-3 तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, बादलों की ये आंख-मिचौली 14 मार्च तक जारी रहेगा. 14 मार्च से एक बार फिर आसमान साफ हो सकता है. इस बीच अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि तथा न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है. गुरुवार की तरह शुक्रवार को रांची में सुबह से ही तेज धूप है.
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में बादल छाने के साथ तेज गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा कुछ इलाकों में वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.

