नई दिल्ली. मौसम का मिजाज देशभर में तेज़ी से बदल रहा है. इस बीच इस सीज़न का पहला कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी (Depression over north Andaman) में बना है. मौसम विभाग के मुताबिक ये चक्रवाती तूफान में भी बदल सकता है. हालांकि अभी साफ तौर पर इसको लेकर कोई अनुमान नहीं लगाया गया है. कहा जा रहा है कि ये डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. ऐसे में इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक ही रह सकती है.
शुक्रवार रात साढ़े ग्यारह बजे कम दबाव का ये क्षेत्र अंडमान में दिख रहा था. फिलहाल ये पोर्टप्लेयर से ये 500 किलोमीटर दूर है. इसके अलावा ये यांगून (म्यांमार) से 500 किमी दक्षिण में स्थित है.इसके म्यांमार तट से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है. डिप्रेशन के चलते अंडमान में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा यहां 65 किलोमीटर की रफ्तार से तेज़ हवा भी चल सकती है. अगले 24 घंटे के दौरान मछवारों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
देश के बाक़ी राज्यों का हालइस बीच स्काइमेट वेदर के मुताबिक पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश जारी रहेगी. केरल और तमिलनाडु में एक या दो जगहों पर मध्यम से हल्की बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल, ओडिशा के कुछ हिस्सों और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, तेलंगाना, कच्छ और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में गर्मी बढ़ सकती है.

