रांची: राज्यभर में पिछले 24 घंटों में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा. रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले पांच दिनों में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में और मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा. न तापमान में किसी प्रकार का बदलाव आएगा और न ही ठंड बढ़ेगी. लेकिन 11 दिसंबर के बाद रांची के तापमान में गिरावट आएगी. जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का असर यहां भी पड़ेगा.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची में सर्दी उत्तर से आने वाली हवा ही अपने साथ लाती है. यहां औसतन 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक सबसे ज्यादा ठंड पड़ती है. उन्होंने बताया कि मौजूदा स्थिति के मुताबिक इस बार भी यह स्थिति रहने वाली है.
अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत आसपास में कोहरा लग रहा है लेकिन घनी आबादी होने के कारण शहरी क्षेत्रों में ये दिख नहीं रहा है. जमशेदपुर या ऐसे क्षेत्र जहां जंगल और नमी ज्यादा है. वहां अभी से ही घना कोहरा लग रहा है. उन्होंने बताया कि रांची में अभी मिस्ट कोहरा है. 15 के बाद यहां भी घना कोहरा दिख सकता है.
पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा. सबसे अधिक उच्चतम तापमान जमशेदपुर का 30 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रांची का दर्ज किया गया. शनिवार को भी रांची में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. अगले चार दिनों तक संभवतः रांची का यही तापमान रहेगा.

