रांचीः मंगलवार को रांची में मौसम सुबह से मुख्य रूप से साफ है। हल्की हवा के कारण सुबह गर्मी महसूस नहीं हो रही है। रांची में सापेक्षिक अधिकतम आर्द्रता 69 प्रतिशत तक दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राजधानी में गर्मी और बढ़ सकती है। अगले तीन दिनों में दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान में वृद्धि हो सकती है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है।
इसका असर झारखंड पर 24 मार्च तक दिखने की आशा है। मगर इससे गर्मी में फर्क नहीं पड़ेगा। इस दौरान राज्य में मौसम विभाग की ओर से अगले पांच दिनों तक किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और चतरा में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही गढ़वा, लातेहार, पलामू, गुमला और चतरा में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान जमशेदपुर और पाकुड़ में 37.7 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया

