ग्वालियर: स्वयं का उद्योग व व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक जिले के युवाओं के लिए ऑनलाइन उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम (वेबीनार) का आयोजन किया जायेगा. उद्यमिता विकास केन्द्र (सैडमैप) के तत्वावधान में यह वेबीनार 11 से 14 अगस्त तक दोपहर 2 बजे से सायंकाल 5 बजे तक आयोजित होगी.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवाओ को शासन की योजनाओं के तहत दिए जाने वाले ऋण अनुदान के बारे में इस उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से जानकारी दी जायेगी.
साथ ही विषय विशेषज्ञों द्वारा स्वरोजगार स्थापना से संबंधित बारीकियां बताई जायेंगीं. जिले में उपलब्ध कच्चा माल व भौतिक संसाधन इत्यादि के आधार पर युवा स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं. प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी युवाओं को प्रमाण-पत्र भी दिए जायेंगे.
साथ ही स्वरोजगार स्थापना के लिये शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण आवेदन, पंजीयन इत्यादि में भी सैडमैप द्वारा सहयोग किया जायेगा.
प्रशिक्षण के संबंध में सैडमैप के जिला समन्वयक एस पी दोहरे से मोबाइल फोन नम्बर 98260-48906 पर संपर्क किया जा सकता है.

