कोलकाता:- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को कई जगहों से हिंसा की छिटपुट घटनाओं की सूचना है. वहीं पहले चरण में शाम पांच बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान हुआ.
पहले चरण में राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच 30 सीटों पर मतदान हुआ, जिनमें से कई सीटें कभी नक्सल प्रभावित इलाका रहे जंगल महल में हैं. कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं को मास्क, सेनेटाइजर और पॉलिथिन के दस्ताने दिए गए.
निर्वाचन आयोग (ईसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”शाम पांच बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान हुआ. मतदान कमोबेश शांतिपूर्ण रहा.”
पश्चिम बंगाल: किस जिले में कितनी वोटिंग
पूर्व मेदिनीपुर में सर्वाधिक 82.51 प्रतिशत, इसके बाद झाड़ग्राम में 80.56 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 80.12 प्रतिशत, बांकुड़ा में 79.90 प्रतिशत और पुरुलिया में 77.07 प्रतशित मतदान हुआ. हालांकि कुछ इलाकों में मतदान केन्द्र पर हुई हिंसा से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई.

