नई दिल्ली: ऑनलाइन गेम का नशा कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसकी बानगी आपको इस खबर से हो जाएगी. आंध्र प्रदेश में 16 साल के लड़के ने ऑनलाइन गेम पबजी खेलने के चक्कर में अपनी जान गंवा दी है. जानकारी के अनुसार लगातार कई दिनों तक पबजी खेलने की वजह से लड़के की मौत हो गई. दरअसल कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरे देश में कई महीनों तक लॉकडाउन रहा और अब भी हालात सामान्य नहीं हैं, जिसकी वजह से लोग अपने घरों में रहने को मजबूर हैं. इस दौरान यह लड़का घर पर लगातार पबजी गेम खेलता था. लड़के को इस गेम का इतनी बुरी लत लग गई कि वह खाना खान, पानी पीना तक कई दिनों तक भूल गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई.
अस्पताल में हुई मौत
रिपोर्ट के अनुसार लड़का लगातार कई दिनों से पबजी गेम खेल रहा था, उसने ना तो पानी की एक घूंट पी और ना ही खाने का एक निवाला खाया, जिसकी वजह से लड़के की तबियत काफी खराब हो गई और उसे डीहाइड्रेशन हो गया. तबीयत खराब होने के बाद परिवार वाले लड़के को इलुरू स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर गए, लेकिन सोमवार को लड़के की मौत हो गई. इसी तरह की एक घटना पुणे में भी जनवरी माह में हुई थी. जहां 25 वर्षीय युवक की लगातार गेम खेलने की वजह से मौत हो गई थी. युवक ने इस बात की शिकायत की थी कि वह अपना दांया हाथ और पैर हिला नहीं पा रहा है, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

