दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के सामने आ रहे नए मामलों के बीच केंद्र सरकार ने टीकाकरण को लेकर योजना बनाना शुरू कर दिया है. दूसरी तरफ, अमेरिका, चीन, ब्रिटेन और रूस जैसे देशों में टीकाकरण शुरू भी हो गया है. वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को इस मुद्दे पर घेरते हुए पूछा है कि चीन, अमेरिका में टीकाकरण शुरू हो गया है, भारत का नंबर कब आएगा मोदी जी?
कांग्रेस नेता राहुल ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, ‘दुनियाभर में 23 लाख लोगों को अभी तक कोविड वैक्सीन लग चुकी है. चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस में टीकाकरण शुरू हो गया है. भारत का नंबर कब आएगा, मोदी जी?’ राहुल ने अपने इस ट्वीट के साथ एक ग्राफ भी साझा किया है, जिसमें बताया गया है कि अब तक इन देशों में कितने लोगों को वैक्सीन लग चुकी है.

