रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने पंजाब निकाय चुनाव में पार्टी को मिली सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से कृषि कानून के खिलाफ लोगों में जनाक्रोश है, उसका प्रारंभिक रूझान अभी पंजाब निकाय चुनाव में देखने को मिला है और आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होंगे, वहां से भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि भाजपा नेता और केंद्र सरकार जिस किसान आंदोलन को एक छोटे से समूह का आंदोलन करार देकर आंदोलन के अस्तित्व को ही नकारने में लगे थे, उन्हें आज वहां के चुनाव परिणाम से झटका लगा होगा. पंजाब के अधिकांश निकाय क्षेत्रों में भाजपा का सफाया हो चुका है, वहीं वर्षां तक एनडीए में शामिल रहने वाले आकाली दल को भी करारा झटका लगा है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा नेता किसानों के आंदोलन को खालिस्तानी और विदेशी फंड से संचालित आंदोलन करार रहे थे, लेकिन पंजाब की जनता ने निकाय चुनाव के माध्यम से यह बता दिया है कि वह केंद्र सरकार द्वारा बनाये गये तीन नये कृषि कानून का किसी कीमत पर समर्थन नहीं करती है और जब तक इन कानूनों को वापस नहीं ले लिया जाता, तब तक देश के अन्नदाता चुप नहीं बैठने वाले है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि पंजाब की तरह ही आगामी कुछ महीने में देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी और मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा-एनडीए प्रत्याशी की जमानत जब्त हो जाएगी.
