संवाददाता,
रांची: झारखंड में प्याज की कोई किल्लत नहीं है. इसका दावा गुरुवार को थोक विक्रेता संघ की तरफ से खाद्य सार्वजनिक वितरण औऱ उपभोक्ता मामलों के मंत्री सरयू राय के समक्ष की गयी. विभागीय मंत्री ने आलू-प्याज थोक विक्रेताओं की आज बैठक बुलायी थी. इसमें झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स के प्रतिनिधि भी शामिल हुए. बैठक में मंत्री सरयू राय के समक्ष थोक विक्रेता संघ और चैंबर के प्रतिनिधियों ने बताया कि पंडरा बाजार समिति में प्याज भरपूर मात्रा में उपलब्ध है. मंत्री सरयू राय द्वारा दिनांक 24.09.2019 को की गई बैठक के उपरांत रांची के बाजारों में प्याज की खुदरा कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर 50 रुपये हो गई है. मंत्री ने आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ से अधिकतम जगह पर प्याज बिक्री हेतु सुविधा केंद्र खोलने की अपील की और कहा कि प्याज की खुदरा कीमत थोक भाव के आस-पास रखे.
हर प्रखंड में खुले सुविधा केंद्र
प्याज बिक्री हेतु सुविधा केन्द्र की सफलता को देखते हुए मंत्री सरयू राय ने खाद्य एवं उपभोक्ता निदेशक संजय कुमार को राज्य के सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों के माध्यम से हर प्रखंड में कम-से-कम एक सुविधा केंद्र खोलने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के आगे यह केंद्र खोले जायें. बाजार में मौजूदा प्याज के कीमत के आंकड़ों को देख कर उसका मंथन किया जायेगा, क्योंकि विक्रेता संघ भी बता रहे हैं कि प्याज की कीमतें घटेंगी. केंद्रीय एजेंसी नेफेड जैसी संस्था से भी प्याज की खरीद पर बात की जायेगी. मंत्री ने खाद्य निदेशक को निर्देश दिया कि ‘सुधा’ जैसी को-ऑपरेटिव संस्था से बातचीत कर उनके आउटलेट पर प्याज बेचने की पहल की जाय क्योंकि झारखंड में कोई रिटेल चेन कार्यरत नहीं है.

