रांची: झारखंड के दो पूर्व विधायकों की जान आफत में है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व एमएलए सुखदेव भगत व लोहरदगा के ही पूर्व विधायक कमल किशोर भगत ने डीजीपी से गुहार लगाई है. डीजीपी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि उन्हें जान से मारने के लिये 40 लाख रुपये की सुपारी देने की बात सामने आई है.
बताते चलें कि 3 दिसंबर को काले रंग की एक्सयूवी पर सवार लोगों के द्वारा उनकी रेकी भी की गई. सुखदेव भगत के मुताबिक डीजीपी ने मामले को गंभीरता से लिया है. जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधायक सुखदेव भगत के अलावा लोहरदगा के ही पूर्व विधायक और आजसू पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष कमल किशोर भगत की हत्या को लेकर भी 40 लाख रुपये की सुपारी दी गई है.
हालांकि सुपारी लेने वाला अपराधी कौन है, सुपारी किसने दी है, क्या इसके पीछे नक्सलियों का हाथ है, ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. दोनों पूर्व विधायक भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं.
पूर्व विधायक सुखदेव भगत ने डीजीपी से मिलने से पहले मामले को लेकर लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा से मिलकर आवेदन दिया. साथ ही उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो को भी इसकी सूचना दी. दोनों पूर्व विधायकों को अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस साजिश की जानकारी मिली है. जिसके बाद दोनों पूर्व विधायकों ने स्थानीय पुलिस और आलाधिकारियों को इसकी जानकारी दी.
पूर्व विधायक कमल किशोर भगत ने भी मामले को लेकर लोहरदगा उपायुक्त से मुलाकात की. सोमवार को उन्होंने इस सिलसिले में डीजीपी एमवी राव से भी मुलाकात कर मामले से अवगत कराया. दोनों जनप्रतिनिधि अपने स्तर से भी मामले की जांच-पड़ताल कर रहे हैं.

