- राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने रिम्स निदेशक के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच का दिया था आदेश
- स्वास्थ सचिव को पत्र लिखकर 15 दिनों के अंदर मांगे थे रिपोर्ट
रांची: रिम्स निदेशक डॉ डीके सिंह इन दिनों राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की रडार पर हैं. इसका खुलासा आयोग के पत्र से हुआ है. आयोग ने 4 मार्च को स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर रिम्स निदेशक के खिलाफ जांच के आदेश दिए थे.
बताया जाता है कि रिम्स में सिटी स्कैन मशीन खरीद मामले को लेकर रिम्स निदेशक व रेडियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष के बीच चल रहे विवाद को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने गम्भीरता से लिया है. आयोग ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिख कर रिम्स निदेशक डॉ निदेशक डॉ डीके सिंह के खिलाफ मिली शिकायत की जांच का आदेश दिया है.

आयोग ने रेडियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ सुरेश टोप्पो द्वारा दिये गए अभ्यावेदन पर जांच का आदेश दिया है. आयोग के सदस्य माया चिंतामन इवनाते ने चार मार्च को स्वास्थ्य सचिव व विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस मामले पर चर्चा की थी. चिंतामन ने पूरे मामले की जांच कर 15 दिनों में रिपोर्ट मांगी थी, परन्तु विभाग द्वारा अबतक इस मामले से सम्बंधित जांच रिपोर्ट नही सौंपा गया, जिसके बाद आयोग ने कहा है कि अगर जांच रिपोर्ट नहीं मिलती है तो आयोग को इन शिकायतों की जांच के लिए दीवानी न्यायालय की शक्तियां प्राप्त है. आयोग अपने स्तर से निर्णय लेगा. बताया जाता है कि आयोग ने मूल तथ्यों की जांच कर ई-मेल, स्वयं उपस्थित होकर या किसी अन्य संचार माध्यमों से जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा था.

