मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला ने अपने बेटे के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है.
मामला मुजफ्फरपुर के कुढनी थानाक्षेत्र के कुढनी गांव का है. जानकारी के मुताबिक, राजदेव सहनी का अपनी पत्नी चंदा देवी से काफी समय से विवाद चल रहा था. चंदा कुढनी में आशा कार्यकर्ता है और अक्सर रात को भी वह घर से निकल जाती थी. राजदेव उसे रात में बाहर जाने से मना करता था तो वह उसके साथ मारपीट करती थी. मंगलवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ और चंदा ने अपने बेटे के साथ मिलकर पति को कमरे में बंद करके लाठी-डंडे से जमकर पीटा और फरार हो गए.
राजदेव के पिता ने उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई. पिता की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी चंदा देवी को हिरासत में ले लिया. राजदेव के शरीर पर मारपीट के काफी जख्म थे.

