चतरा: जिले के सिमरिया पुलिस ने हफुआ गांव निवासी पिंटू राम हत्याकांड मामले का उद्भेदन कर लिया है. दरअसल पिछले दिनों हुए इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी सविता देवी द्वारा ही उसकी हत्या कर दी गई थी.
इधर आरोपी सविता ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल कर लिया है. दूसरी ओर थाना प्रभारी लव कुमार सिंह ने कल शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस द्वारा मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि दोनों पति-पत्नी के बीच लंबे अर्से से विवाद चल रहा था और दोनों के बीच संबंध अच्छे नहीं थे.
पिछले 16 जनवरी की रात मृतक पिंटू के घर पहुंचने के पश्चात दोनों के बीच हुई नोकझोंक में पत्नी ने टांगी उठा कर पति पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. बताते हैं कि घटना के बाद उसके शव को घर के बगल में स्थित चापाकल के पास फेंक दिया गया था. थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार टांगी व खून से सना एक कपड़ा भी बरामद कर लिया गया है.

