आरोपी पति दस वर्षां से दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था
रांची:- झारखंड में लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र स्थित कानी टोला में एक पति ने अपनी पहली पत्नी पर हथौड़े और कुदाल से वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या करने के बाद उसने शव को घर में ही छोड़कर बाहर से दरवाजे में ताला लगा और भाग गया. घटना रविवार शाम की है. जब वारदात की सूचना ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी. सोमवार को घटनास्थल पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच में जुट गई है. हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पर आशंका जाहिर की जा रही है कि पति ने पैसे को लेकर पत्नी की हत्या की है. महिला को कुछ दिनों पूर्व ही पीएम आवास योजना के तहत दूसरी किस्त मिली थी.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका 32वर्षीय सीता देवी के साथ आरोपी सच्चू महतो से उसकी 10 साल पहले शादी हुई थी. दंपती का एक 13 साल का बेटा और एक 11 साल की बेटी है. करीब 7 साल पहले सच्चू ने बिरसमुनी से दूसरी शादी कर ली और उसके साथ बिरसमुनी के साथ देवाकीधाम के पास रहने लगा. इससे सच्चू और सीता देवी के बीच विवाद हुआ और वो दोनों बच्चों के साथ ब्रम्हांडीहा में रहने लगी. इसी बीच सीता देवी के नाम से पीएम आवास योजना के तहत दूसरी किस्त आई. इसके बाद से सच्चू महतो, सीता देवी के नजदीक आ गया और दोनों ही कानी टोला में रहने लगे. रविवार की शाम किसी बात पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इसके बाद सच्चू महतो ने सीता देवी के सिर पर कुदाल से वार कर दिया. वो जख्मी होकर गिर पड़ी. इसके बाद सच्चू ने बड़े से हथौड़े से सीता के चेहरे पर वार कर दिया. इससे सीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला.

