रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से झारसुगुड़ा में फंसे गढ़वा के मजदूरों को मदद पहुंचाने का आग्रह किया है. मुख्यमंत्री ने आग्रहपूर्वक कहा कि कृपया झारखंड के इन श्रमिक भाइयों की मदद करें. राज्यवासियों को अब तक आपके द्वारा दिए गए मदद का मैं हमेशा आभारी रहूंगा.
मदद नहीं मिली…
मुख्यमंत्री को बताया गया कि लॉकडाउन की वजह से गढ़वा निवासी 25 मजदूर ओडिशा के झारसुगुड़ा में फंसे हैं. अबतक उन्हें किसी तरह की मदद नहीं मिली, जिससे उन्हें भूखा रहना पड़ रहा है. मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने उपरोक्त आग्रह किया है.
Also Read This: केंद्र सरकार ने कहा, ट्रेन सेवाएं चालू होने पर अंतिम फैसला लिया जाना अभी बाकी
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद डीलर निलंबित
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हजारीबाग के राशन डीलर को निलंबित कर दिया गया. इस संबंध में हजारीबाग जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियमों का उल्लंघन मानते हुए जन वितरण प्रणाली विक्रेता चेतलाल महतो, अनुज्ञप्ति संo 04/92 को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.
इसलिए हुई निलंबन की कार्रवाई
मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित भेलवारा में उक्त राशन डीलर द्वारा तौल में हमेशा खाद्यान्न सामग्री कम दिया जाता है. 35 किलोग्राम आनाज मांगने पर डीलर अभद्रता से पेश आता है.
Also Read This: डॉ. इरफान अंसारी ने गरीबों के साथ क्रूर मजाक किया, उन पर हो कड़ी कार्रवाई: भाजपा
मरीजों को मिलेगा आरओ का पानी
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बीस दिनों से बंद सदर अस्पताल गढ़वा का आरओ प्लांट प्रारंभ हुआ. इस संबंध में मुख्यमंत्री को बताया गया था कि गढ़वा सदर अस्पताल में पानी का आरओ प्लांट बंद है, जिससे मरीजों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पा रहा है. मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने उपायुक्त गढ़वा को आरओ प्लांट यथाशीघ्र शुरू करने का आदेश दिया था.
मुख्यमंत्री ने समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा को कुंजी बनाकर शोषण, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले जी हमेशा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे.

