मुंगेर : दो दिन पूर्व पटना के प्रदेश राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के हाथों राजद का दामन थामने वाले जमालपुर से पांच बार विधायक रह चुके दिवंगत पूर्व मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा के पुत्र जय वर्मा ने सदस्यता ग्रहण करने के बाद आज सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जमालपुर में समागम सह मिलन समारोह का आयोजन कर जमालपुर विधानसभा में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी. समागम में मौजूद भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने राजद में शामिल हुए जय वर्मा का भव्य स्वागत किया और लालू प्रसाद, जगदानंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव तथा दिवंगत मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा के जयकारे लगाए. कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी नेता रविंद्र कुमार रवि ने की, जबकि संचालन निरंजन मंडल ने किया। अपने सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में जय वर्मा ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के संदेशों को जन जन तक पहुंचाना तथा पार्टी संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
पानी के नाम पर प्रदेश में पानी की तरह करोड़ों रुपए बाहर जा रहे हैं। लेकिन प्रदेश की जनता का हलक अभी सुखा है। समागम के माध्यम से राजद नेता ने सुशासन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण सुशासन सरकार के मुखिया नीतीश कुमार की लुटिया डूबाएगी। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार में भ्रष्टाचार, अफसरशाही तथा अपराधियों का बोलबाला है । विकास कार्यों में कमीशन खोरी चरम पर है।एनडीए सरकार के विधायक, मंत्री तथा सांसद सभी अपना तिजोरी भरने में लगे हैं और गरीब जनता भूखे मरने को विवश है। जय वर्मा ने आगे कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें निर्देशित किया है कि अपने समर्थकों को राजद की सदस्यता दिला कर एक सप्ताह के अंदर पार्टी कार्यालय को सूचित करें। उन्होंने अपने पिता को स्मरण करते हुए कहा कि जमालपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता तथा उनके पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना उनका लक्ष्य है। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना महामारी के डर से स्थानीय विधायक फेसबुकिया नेता बन कर रह गए। जमालपुर क्षेत्र की जनता के दर्द को देखने के लिए कोरोना संक्रमण के दौरान एक बार भी जमालपुर शहर नहीं आए। जय वर्मा ने जमालपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से आशा और उम्मीद जताई कि उन्हें पूर्व मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा की तरह ही क्षेत्र की जनता का स्नेह और प्यार मिलता रहेगा। उन्होंने जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जो सच्चा होगा वही पक्का होगा। राजद नेता ने अपने पिता की याद में पूर्व मंत्री उपेंद्र वर्मा विचार मंच का गठन किया है। इसमें शामिल सभी कार्यकर्ताओं को राजद की सदस्यता एक से दो दिन में दिलाई जाएगी। साथ ही इसके के अलावा जमालपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में राजद की सदस्यता ग्रहण कराया जाएगा। जमालपुर विधानसभा से 5 बार विधायक रह चुके स पूर्व मंत्री उपेंद्र प्रसाद वर्मा के पुत्र जय वर्मा ने आगे कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें कई मुद्दों पर निर्देशित किया है। जिन पर खड़ा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। मौके पर राजद के वरिष्ठ नेता प्रभाकर चौरसिया, बाल किशोर चौरसिया, गणेश पासवान, चंदन मंडल , अमित कुमार, प्रदीप यादव, विजेंद्र कुमार मिंटू, राजकिशोर मंडल, राम कुमार आजाद करण कुमार, चंदन मंडल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

