विमान के उतरने के बाद इसका निरीक्षण किया गया. इस वजह से वापस जाने वाली उड़ान में करीब चार घंटे की देरी हो गई. तिरुअनंतपुरम से कोच्चि जा रहा एयर इंडिया का एक विमान शुक्रवार को तेज हवाओं में फंसकर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. उसे सुरक्षित उतार लिया गया। इसमें 172 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं.

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि एयर इंडिया का संरक्षा विभाग मामले की विस्तार से जांच कर रहा है. उन्होंने बताया कि एयर इंडिया की दिल्ली से तिरुअनंतपुरम होते हुए कोच्चि जाने वाली फ्लाइट ए1467 उस समय तेज हवाओं में फंस गई जब वह तिरुअनंतपुरम से कोच्चि के रास्ते पर थी. इस दौरान यह ए321 विमान मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. उसे तुरंत उतार लिया गया और उसका निरीक्षण किया गया. इस वजह से वापसी की उड़ान करीब चार घंटे विलंबित हो गई.
एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि 17 सितंबर को नई दिल्ली से विजयवाड़ा जा रहा एयर इंडिया का विमान भी खराब मौसम का शिकार बना था. विमान में 174 यात्री सवार थे. यह घटना तब हुई थी जब क्रू मेंबर्स यात्रियों को खाने-पीने की चीजें सर्व कर रहे थे. क्रू मेंबर्स को इस घटना के दौरान चोटें आईं और विमान को भी नुकसान पहुंचा था, लेकिन किसी यात्री को चोट नहीं आई. दरअसल, झटका इतना तेज था कि क्रू मेंबर्स खाने-पीने की चीजों समेत गिर गए थे और सारा सामान बिखर गया था. यहां तक कि शौचालय का कमोड भी टूट गया था। इस कारण यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा.

