दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार सुबह घने कोहरे के साथ-साथ कंपकंपा देने वाली सर्दी देखने को मिली. देश की राजधानी में ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है. सुबह सुबह कोहरे का कहर ऐसा था कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. भारतीय मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया.
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में कोहरे की घनी चादर देखने को मिली. कल दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया था और मौसम विभाग ने शीत लहर चलने की घोषणा भी की थी. आज भी राजधानी में सर्दी ने अपना कहर बरकरार रखा.
शुक्रवार सुबह मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री होगा.
ट्रेनों में देरी
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ), उत्तरी रेलवे (डी) के अनुसार दृश्यता और अन्य परिचालन कारणों से 29 जनवरी को 27 ट्रेनें देरी से चल रही हैं. कल भी कोहरे से 17 अन्य ट्रेने देरी से चल रही थीं.
मौसम विभाग का कहना कि सप्ताह के आखिर तक उत्तर पश्चिमी भारत के कई इलाकों न्यूनतम तापमान दर्ज करेंगे. इसके साथ-साथ शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति भी देखने को मिल सकती है.
उत्तर पश्चिम भारत के कई शहरों और शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. चूरू में 2.1 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 4.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया.
भारत मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और चंडीगढ़, दिल्ली, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर मध्यम कोहरा देखने को मिला.

