चतरा:- चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव में पंप से पानी भरने के दौरान एक महिला की मौत कुएं में डूबने से हो गई. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची इटखोरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. हालांकि घटना के बाद विवाहिता की मौत की सूचना पर नगवां गांव पहुंचे मृतिका रूबी देवी के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है. मृतिका के चाचा कैलाश यादव ने आरोप लगाया है कि रूबी का लंबे समय से उसके ननद और सास के साथ विवाद चल रहा था. इतना ही नहीं पूर्व में उसकी ननद ने रूबी की बेरहमी से पिटाई भी की थी. वही ग्रामीणों के अनुसार गुड्डू यादव की पत्नी रूबी खेत में पानी पटाने के उद्देश्य से पंप स्टार्ट करने कुएं के पास गई थी. इसी दौरान वह कुएं में गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई. इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या या दुर्घटना मामले की जांच में जुट गई है.

