लखनऊ: लॉकडाउन में फंसे मजदूरों को अपने घर पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई है. इसी तरह प्रवासी मजदूरों को लेकर गुजरात से रवाना हुई चलती श्रमिक एक्सप्रेस में सुबह एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया है. ये महिला बिहार के मुजफ्फरपुर जाने के लिए सवार हुई थीं. महिला ने आगरा के पास एक बच्ची को ट्रेन में ही जन्म दिया तो आगरा में ट्रेन को करीब 2 घंटे तक रोका गया.
जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन में महिला ममता को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. फिर सहयात्रियों ने इसकी जानकारी टीटीई को दी. टीटीई ने आगरा फोर्ट स्टेशन पर कंट्रोल रूम को जानकारी देकर चिकित्सक मुहैया कराने को कहा. इसके बाद रेलवे के चिकित्सक ने अपनी टीम के साथ ही महिला को अटेंड किया. महिला के बच्ची को जन्म देने के बाद वाणिज्य विभाग के निरीक्षक घनश्याम मीना ने उन्हें गर्म पानी, चाय, बिस्किट दिए.
वाणिज्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने कहा कि स्पेशल ट्रेन का आगरा में ठहराव नहीं था, लेकिन महिला की डिलिवरी के लिए इसे यहां पर रोका गया था. ट्रेन मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों ने जच्चा-बच्चा की जांच की है, जिसके बाद दोनों को यहां के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है.

