उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में जमीन के लालच में एक महिला की उसके ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी.
श्रेत्राधिकारी (नकुड़) यतेंद्र नागर ने मंगलवार को यहां बताया कि नकुड़ क्षेत्र के बिड़वी गांव निवासी मृतका सुदेश के भाई गुरूवचन सिंह ने अपनी बहिन के ससुराल वालों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था. रिपोर्ट में कहा है कि उसकी बहिन के ससुराल वालों ने 12 बीधा जमीन के लालच में उसकी सोमवार रात में हत्या कर दी है.
उन्होंने बताया कि रिपोर्ट में कहा है कि डेढ़ साल पहले महिला के पति भोपाल सिंह की मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद से सुदेश अपने हिस्से की जमीन की बुआई कर जीवन का भरण पोषण कर रही थी. उसके ससुर और जेठ के लड़कों की निगाहें उसके हिस्से की जमीन पर लगी हुई थी.
इन लोगों ने 12-13 दिन पहले भी उस पर जानलेवा हमला किया था, तब सुदेश ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई थी. उन्होंने सोमवार रात में सुदेश की गला दबाकर हत्या कर दी.
नागर ने रिपोर्ट में कहा है कि 12 बीघा जमीन के लालच में ससुराल के लोगों ने उसकी बहिन सुदेश की गला दबाकर हत्या कर दी है. सुदेश निःसंतान थी.
पुलिस ने इस मामले में महिला के ससुर सोहराव सिंह, जेठ जगपाल सिंह उसका बेटा पंकज सिंह और नीरज सिंह को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

