रांची: चूड़ी निर्माण के व्यवसाय से जुड़कर रांची की कई महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं. इससे उनका मानसम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ा है. घर की शोभा नारी होती है और नारियों की शोभा उनके कलाईयों पर रंग-बिरंगी चूड़ियां. आज यही चूड़ियां कई नारियों के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का जरिया बन रही है. रांची में महिलाओं का एक समूह लाह समेत दूसरी चूड़ियों के निर्माण में लगा है.
इस समूह से जुड़ी महिलाएं ना सिर्फ रोजगार, बल्कि महिलाओं की दूसरी सामाजिक-आर्थिक समस्याओं में मदद के लिए आगे रहती हैं.
आज चूड़ी के इस घर बैठे व्यवसाय से जुड़कर महिलाएं सम्मान के साथ अच्छी आमदनी कर रही हैं. खासकर, शादी ब्याह के मौकों पर इनकी खूबसूरत चूड़ियों की डिमांड काफी बढ़ जाती है. महिलाओं की लगन से इनका कारोबार खूब तेजी से आगे बढ़ रहा है.

