धनबाद:- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर धनबाद रेल मंडल के धनबाद स्टेशन सहित कई स्टेशनों के कार्यभार महिला कर्मियों ने अपने कंधों पर उठा लिया है. स्टेशन की साफ -सफाई से लेकर यात्रियों की सुरक्षा का दायित्व ही नहीं रेल परिचालन का जिम्मा भी आज महिला रेल कर्मियों ने अपने कंधो पर उठा रखा है.
आधी आबादी ने आज सुबह से ही धनबाद रेल डिविजन में रेलवे का पूरा दायित्व उठा रखा है. धनबाद स्टेशन पर जहाँ भी नजर दौड़ाएंगे, रेलवे की महिला कर्मचारी मुस्तैदी के साथ अपने कर्त्तव्य का निर्वहन करती नजर आएंगी. टिकट बुकिंग, टिकट जांच, फेस टू फेस पूछताछ, पूछताछ कार्यालय सहित प्लेटफार्म पर सुरक्षा की जिम्मेवारी भी ये महिला कर्मचारी ही निभा रही है. यही नहीं आज रेल भी रेलवे की महिला ड्राइवर कर्मचारी ही चलाती नजर आई.
अधिकारियों ने बताया कि महिला दिवस के मौके पर धनबाद स्टेशन के अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी महिला कर्मियों की पूरी भागदारी दी गई है. इसके साथ ही उनके लिए आज कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि आज हमारी महिला कर्मचारी सुरक्षा से लेकर ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखा रही है. इतना ही नही धनबाद रेल मंडल मुख्यालय के मुख्य गेट से लेकर कार्यालय तक हर जगह आज महिलाओं का ही दबदबा है. उन्होंने बताया कि इस अवसर पर धनबाद रेल मंडल एक कार्यक्रम के तहत 35 महिला कर्मियों को सम्मानित भी करने जा रही है.

