महिला समिति के विस्तार एवं पुनर्गठन करने का निर्णय
29 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में महिलाएं बढ़-चढ़कर लेंगी हिस्सा
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आजसू पार्टी महिला समिति की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गयी, जिसकी अध्यक्षता महिला प्रदेश अध्यक्षा वायलट कच्छप ने की. बैठक में महिला समिति के विस्तार एवं पुनर्गठन तथा वर्तमान सरकार की घोषणाओं एवं नीतिगत निर्णयों पर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में महिला समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि राज्य में महिला संगठन को और मजबूत कर नए चेहरे को समिति में सम्मिलित किया जाएगा. नव वर्ष में आजसू पार्टी महिला समिति एक नए जोश नए ऊर्जा के साथ झारखंड एवं झारखंडियत के मुद्दे पर मुखर रुप से आंदोलन करेगी.
आज राज्य में शोषण और दुष्कर्म की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. पिछले एक साल में 1200 से ज्यादा महिलाओं के खिलाफ अपराध हुआ है. महिलाएं असुरक्षित महसुस कर रही है. जल्द ही इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा. इन घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल महोदया से मिलकर उनका ध्यान आकृष्ट कराकर कड़े कानून की मांग की जाएगी.
साथ ही केंद्रीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि आगामी 29 दिसंबर को हर जिले में आजसू पार्टी सभा आयोजित कर वर्तमान सरकार की नाकामियों के खिलाफ मोर्चा खोलेगी. इसमें महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी और सरकार ने जनता के साथ जो वादाखिलाफी की है, उसको गिनाकर उन्हें आईना दिखाएगी.
महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी वर्तमान सरकार ने अपने मेनिफेस्टो में की थी. इसे लेकर प्रदेश की महिलाओं को संगठित कर एक ऐतिहासिक आंदोलन करने को लेकर भी चर्चा हुई. आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं पारा शिक्षकों के स्थायीकरण एवं वेतनमान निर्धारण की बात भी मेनिफेस्टो में की गयी. लेकिन सत्ता में काबिज होते ही यह सरकार अपने वादों को भूल गयी है. सरकार अपने वादों में, महिलाएं अपनी आवाज बुलंद करेंगी. आज राज्य की महिलाएं ठगी हुई महसूस कर रही हैं.
बैठक में महिला प्रदेश उपाध्यक्ष पार्वती देवी, सुमिता दास, अनिता पारित, केंद्रीय संगठन सचिव वर्षा गाड़ी, केंद्रीय सचिव यशोदा देवी, संगीता बारला, शशी कला, शोभा कुमारी, ममता मोर्या, शोभा रानी महतो, सरिता देवी, अर्चना देवी, महिला केन्द्रीय प्रवक्ता अंजू देवी, लोहरदगा जिला महिला अध्यक्षा अनिता साहू, खूंटी जिलाध्यक्ष सुधा मुंडू, रांची जिला सचिव हेमलता उरांव, रामगढ़ जिला सचिव सुशीला देवी, रामगढ़ जिला सह सचिव पिंकी देवी, जिला सचिव शोभा देवी साथ ही सभी जिला के जिलाध्यक्ष एवं सचिव, जिला परिषद सदस्य एवं प्रमुख आदि मौजूद थी.

