रांचीः राजनीति भी अजीब चीज है. यहां जब दो धुरी के लोग मिलते हैं तो गजब का याराना झलकता है. ऐसा ही रविवार को हुआ. कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी और बीजेपी विधायक विरंची नारायण खूब गर्मजोशी के साथ मिले. यही नहीं बीजेपी विधायक ने डॉ इरफान को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी. मुलाकात के दौरान डॉ इरफान ने अपनी बात भी कह डाली. बीजेपी विधायक से कहा कि जामताड़ा के नारायणपुर दिगारी में हुई घटना का केस उठा लें. इस पर दोनों के बीच गंभीर चर्चा भी हुई.
क्या है मामला
पूर्व में नारायणपुर के दिघारी में एक मामले में विधायक विरंची नारायण पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे थे और किसी कारणवश वहां भगदड़ मच गया था जिस कारण बेवजह वहां के बेगुनाह लोगों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था. इसी मामला को सुलझाने के क्रम में डॉ इरफान बोकारो विधायक से मिलने पहुंचे और कहा कि माफ करने वाला बलवान होता है. दिघारी नारायणपुर के लोग बहुत सीधे-साधे और गरीब है और उन्हें बेवजह गलत केस में फंसा दिया गया है. इसलिए आग्रह होगा कि इस पूरे मामले के सच को जाने और इसे बैठकर सुलझा दे. विधायक बिरंची ने भी विधायक जी को आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरे मामले को सुलझा दिया जाएगा.

