रांची: राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू ने नगर विकास मंत्री से हरमू बाईपास रोड से राजभवन तक फ्लाईओवर एवं सिरमटोली से राजेंद्र चौक तक प्रस्तावित आरओबी का कार्य तत्काल शुरू करने का आग्रह किया है. मारू ने कहा कि यातायात की सुगमता की दृष्टि से यह दोनों परियोजना काफी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग सिरम टोली,राजेंद्र चौक परियोजना के लिए तत्काल राशि उपलब्ध कराए. मारू ने कहा कि दो वर्ष पूर्व इस योजना पर काम शुरू करने का निर्णय लिया गया था लेकिन जमीन अधिग्रहण सहित अन्य अड़चनों के कारण काम शुरू नहीं हो सका था.
मारू ने कहा कि रेलवे के आरओबी विभाग ने आरओबी निर्माण के लिए सारी प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है और अब निर्माण कार्य शुरू करने के लिए नगर विकास विभाग से राशि की मांग की है. मारू ने नगर विकास विभाग को इस योजना को शुरू करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है.
उन्होंने कहा है कि हरमू बाईपास रोड से राजभवन तक फ्लाईओवर बनाने पर आपत्ति दर्ज किए जाने के बाद सरकार को राज्यपाल से इस मामले में बातचीत कर काम शुरू करने का रास्ता प्रशस्त करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हरमू बायपास रोड पर यातायात व्यवस्था की हालत बहुत खराब है. इस योजना के बन जाने से यातायात व्यवस्था सुगम हो सकेगी.
मारू ने सरकार से रिंग रोड का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है. इससे शहर में वाहनों की संख्या कम होगी और उससे भी यातायात व्यवस्था में सुधार होगा. उन्होंने कहा कि सरकार को इन दोनों परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए कदम उठाना चाहिए.
मारू ने कहा है की झारखंड के बाहर विभिन्न शहरों में फ्लाईओवर का निर्माण 1 साल के अंदर कर दिया जाता है जबकि झारखंड में पांच-पांच साल निर्माण में लग रहे हैं. उन्होंने मुंबई में फ्लाईओवर निर्माण की चर्चा करते हुए कहा कि वहां सैकड़ों फ्लाईओवर निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया.

