जमशेदपुर: विश्व महिला दिवस आठ मार्च को है. इससे पूर्व शुक्रवार को जमशेदपुर जिला मुख्यालय पर कामकाजी महिलाओं की समन्वय समिति सीटू की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिले के उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा गया. जहां सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने देशभर के आंगनबाड़ी सेविकाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ पुरजोर तरीके से मांग उठाते हुए उन्हें नियमित वेतनमान और पोषाहार के कोटे में बढ़ोतरी किए जाने की मांग की है.
इसके अलावा इन महिलाओं ने कामकाजी महिलाओं का हवाला देते हुए सीएए, एएनआरसी और एनआरपी का विरोध किया है, इनका कहना है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रह रही कामकाजी महिलाओं के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराना आसान नहीं है, अतः ऐसे बिल को लाए जाने की कोई आवश्यकता नहीं है.
वहीं इन्होंने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को पूरी तरह से विफल बताते हुए अविलंब महंगाई पर रोक लगाने और महिलाओं के लिए 35% आरक्षण लागू किए जाने की मांग की है. इस दौरान महिलाओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की.

