जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई सभागार में नशा जागरूकता अभियान को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का आयोजन यूथ अफेयर्स एण्ड स्पोर्ट्स और मिनिस्ट्री ऑफ सोशल जस्टिस एंड एंपावरमेंट की ओर से किया गया. जहां शहर के 200 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया. राज्य भर के 12 जिलों में इस कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है.
आपको बता दें कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को ड्रग्स और नशे से दूर करना है. इस कार्यक्रम के जरिए वैसे युवाओं का ग्रुप तैयार किया जाएगा, जो शहर व आसपास के इलाकों में जाकर युवा पीढ़ी को ड्रग से होने वाले नुकसान के विषय में जानकारी देंगे और उन्हें जागरूक करेंगे.
इसके अलावा जो युवा ड्रग्स की चपेट में आ चुके हैं उनका काउंसिलिंग कर उन्हें मुख्य धारा में लाने का प्रयास करेंगे. कार्यक्रम में सीआईएसएफ एनसीसी के अलावा नशा उन्मूलन पर काम करने वाली संस्थाओं ने हिस्सा लिया.
आपको बता दें कि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में ड्रग्स का नया हब तैयार हो रहा है. जहां युवा पीढ़ी इसकी जद में आ रहे हैं. ऐसे में इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को मुख्य धारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है.

