रांची:- गर्मी का मौसम आने के साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में जंगल में आगजनी की आशंका उत्पन्न हो जाती है. इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पाकुड़ जिले में वन विभाग की टीम द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गयी है.
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा एवं अमड़ापाड़ा के जंगलों में आग लगी की घटना पर रोक लगाने के लिए वन विभाग की कवायद तेज हो गयी है. इसे लेकर वन अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आगजनी से होने वाले नुकसान, बचाव और दंड के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी.
जंगल में आगजनी की घटनाओं पर अंकुश को लेकर वन प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और वन संपदा बचाने के लिए आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है.
जंगल में आगजनी की घटनाओं को लेकर वन विभाग और वन प्रबंधन समिति द्वारा अपने स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां और एहतियाती कदम उठाये जा रहे है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण लोगों का जागरूक होना जरूरी है, तभी इस तरह की घटनाओं पर तत्काल काबू पाया जा सकता है.

