उत्तर प्रदेश (अयोध्या): भगवान श्रीराम अयोध्या में ओंकारनाथ मिशन द्वारा आयोजित पांच दिवसीय विश्व सनातन हिंदू सम्मेलन व योग साधना शिविर 26 दिसंबर से प्रारंभ होगा. जिसमें शामिल होने के लिए कई देशों के हिंदुओं का दल अयोध्या पहुंचेगा.
पाकिस्तान से 230 प्रतिनिधियों का दल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुका है. भारत भ्रमण पर आए 230 पाकिस्तानी हिंदू प्रतिनिधियों ने अयोध्या जाने के लिए विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है.
पश्चिम बंगाल के संत स्वामी सीतारामदास ओंकारनाथ देव ठाकुर द्वारा स्थापित जयगुरु संप्रदाय के ओंकारनाथ मिशन की ओर से अयोध्या के सुरसर मंदिर में 26 से 30 दिसंबर तक पांच दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विदेशी शामिल होंगे, जिनमें नेपाल, बांग्लादेश व यूरोप से आने की संभावना है. पाकिस्तानी यात्रियों को भारत के तीन स्थानों पर जाने का वीजा दिया है. जिसमें मथुरा, वृंदावन, हरिद्वार ही जा सकते हैं लेकिन यह सभी यात्री अयोध्या के प्रस्तावित विश्व हिन्दू सम्मेलन में भी भाग लेना चाहते हैं, जिसके लिए भारत सरकार से इन यात्रियों ने अनुमति मांगी है.
अनुमति के लिए लखनऊ के विदेशी पंजीकरण विभाग में आनलाइन आवेदन किया है, जिसमें 26 से 28 दिसंबर तक रुकने व रामलला का दर्शन की अनुमति मांगी है. कार्यक्रम के आयोजक ओंकारनाथ मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियनाथ चट्टोपाध्याय ने बताया कि जिला प्रशासन व विदेश मंत्रालय इस आवेदन पर निर्णय लेगा. यदि अनुमति स्वीकार हुई तो सभी यात्री अयोध्या पहुंचेंगे नहीं तो पहले से निर्धारित स्थलों का भ्रमण कर वापस हो जाएंगे. बताया गया है कि अन्य प्रतिनिधि आज देर रात तक अयोध्या पहुंच जाएंगे.

