रांची: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची समेत राज्य के अन्य जेलों के सारे बंदी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को ऑनलाइन योग करेंगे. इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है.
रांची, देवघर एवं धनबाद के जेलों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़कर योगाभ्यास कराया गया. साथ ही रिमांड होम डुमरदगा में रह रहे बच्चों को भी योगाभ्यास कराया गया.
सिविल कोर्ट रांची के 40 कोर्ट बिल्डिंग के वीसी कक्ष में सुबह 8.30 से 9.45 तक ऑनलाइन सामान्य योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम के तहत कराया गया.
जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची एवं श्री श्री योगा, दी आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में योग प्रशिक्षक पंचानंद सिंह एवं मुकेश महतो द्वारा योग कराया गया.
योग दिवस के दिन सुबह 8 से 9 बजे तक योगाभ्यास कार्यक्रम चलेगा. योग प्रशिक्षक पंचानंद सिंह ने बताया कि योग करने के लिए सही नियमों और अनुशासन को अपनाकर कई बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है.
इसे नियमित करने से कैंसर, हार्ट अटैक आदि गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है. इससे पाचन तंत्र व श्वसन तंत्र मजबूत होता है. कोरोना काल में इम्युनिटी पावर बढ़ाने में योग महत्वपूर्ण हो गया है. कपालभाती प्राणायाम, अनुलोम विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम समेत अन्य योगा कराया गया.

