रांची: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी लॉकडाउन के आरंभिक दिनों से जरूरतमंदों को सेवा सामग्री और मार्ग दर्शन कर रहा योगदा सत्संग आश्रम तीसरे चरण में अपना दायरा बढ़ाते हुए पुलिसकर्मियों की भी मदद में शामिल हो गया है.
भूखे लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही चुटिया थाना पुलिस का सेवाभाव देखकर आश्रम की ओर से उसकी मदद के लिए तीन हजार किलो टमाटर, एक हजार किलो बैंगन और दो सौ किलो अन्यसब्जियां भेंट की गई.
आश्रम सूत्रों ने बताया कि इस बीच पिछले तीन दिनों में डोरंडा इलाके की इंदिरा और निर्मला कालोनी के अलावा धुर्वा तथा करमटोली क्षेत्र में चार सौ दिहाड़ी मजदूरों और बेरोजगारों के परिवार को खाद्य सामग्री और दैनंदिन उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करायी गईं.
उधर, आश्रम के सेवक रांची तथा हटिया रेलवे स्टेशन के निकट 50 लोगों को भोजन मुहैया करा रहे हैं. इस प्रकार लॉकडाउन-1 से लेकर अब तक योगदा शाखा मठ रांची द्वारा गरीबों और बेरोजगारों को 17 हजार किलो सूखा खाद्यान्न, 500 किलो आटा, 15 हजार किलो सब्जियां, दो हजार लीटर सरसों तेल, डेढ़ हजार किलो नमक और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करायी जा चुकी है.
आश्रम के एक संन्यासी ने कहा कि योगदा सत्संग सोसाइटी के संस्थापक परमहंस योगानंद के विचारों को कोरोना संकट के समय मूर्त रूप दिया जा रहा है. परमहंस योगानंद ने कहा था कि जरूरतमंद इंसान का हमेशा वैसे ही ख्याल रखें, जैसे अपना और अपने परिवार का रखते हैं.
शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से कमजोर या बीमार लोगों को उबारने से स्वयं महसूस होगा कि आप सही दिशा में जा रहे हैं और परमपिता आपका मार्ग दर्शन कर रहे हैं.
आश्रम ने कोरोना संकट के दौरान जरूरतमंदों की मदद के इच्छुक महानुभावों से अपील की है कि वे योगदा सत्संग को दान कर सकते हैं.

