नई दिल्ली. शादी के लिए नौकरी को लेकर झूठ बोलने के बारे में आपने कई बार सुना होगा. कोई खुद को बड़ी कंपनी का इंजीनियर तो कभी कोई अपने आप को डॉक्टर बताता है. लेकिन अब दिल्ली के द्वारका इलाके से इससे जुड़ी दिलचस्प खबर सामने आई है. यहां एक शख्स ने खुद को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का वैज्ञानिक बताकर युवती से शादी रचा ली. शादी के बाद महिला को अपने पति पर शक हुआ तो उसने इस बारे में पूछताछ और छानबीन करनी शुरू कर दी. जब इसकी सच्चाई सामने आई तो उसके होश उड़ गए. पीड़ित महिला को अपने ठगे जाने का एहसास हुआ. उसने आरोपी पति के खिलाफ द्वारका नॉर्थ थाने में शिकायत दर्ज करा दी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी से एक के बाद एक कई झूठ बोले.
जानकारी के अनुसार, झांसा देकर शादी करने वाले शख्स का नाम जितेंद्र हैं. उसने इसी साल मई में युवती से शादी रचाई थी. शादी के बाद जितेंद्र ने अपनी पत्नी से कहा था कि वो डीआरडीओ में काम कर चुका है और ट्रेनिंग के लिए अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा में जाने की तैयारी में है. लेकिन उसकी बड़ी-बड़ी बातें सुनकर महिला को उसकी नीयत पर शक होने लगा. इसके बाद उसने अपने स्तर पर जांच करनी शुरू कर दी. पुलिस ने बताया कि वो इस मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही निष्कर्ष निकल आएगा.

