रवि सिंह,
गोरखपुर: बड़हलगंज इलाके में शनिवार की रात एक युवक की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके पर सीओ श्यामदेव बिंद मौजूद हैं.
जानकारी के मुताबिक, इलाके के ओझवली गांव में शनिवार की रात गांव के करन (22) की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि करन किसी लड़की के घर के पास गया था और वहीं पर उसकी पीट कर हत्या की गई है.
मृतक के पिता हरिश्चंद्र द्वारा दी गई थाने में तहरीर में कहा है कि उनका पुत्र करन शनिवार की रात नौ बजे घर से बाहर निकला था. तीन बजे भोर में वह अर्घनग्न घर पर पहुंचा. उसके शरीर में काफी चोटें आई थीं. उसकी बाई आंख भी फूट गई थी. पूछने पर करन ने बताया कि गांव के 4 लोगों ने मुझे बुलाकर मार पीट कर आरोप लगाया कि एक लड़की से उसका अवैध संबंध है जबकि लड़की से मेरा कोई संबंध नहीं है.
घायल करन को सुबह सीएचसी लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है. युवक बंगलौर में पेंटिंग का काम करता था. वह लॉकडाउन के पहले चरण में घर आया था.

