चतराः टंडवा थाना क्षेत्र के सेरनदाग उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. युवक बाइक पर कोयला लोड कर घर वापस आ रहा था. इसी दौरान ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. युवक ने हेलमेट भी नहीं पहना था. सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. युवक अपने परिवार का इकलौता पुत्र था.
मृतक की पहचान टंडवा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह निवासी सुनील कुमार (23) के रूप में की गई. सुनील की 2015 में शादी हुई थी. उसका एक 2 साल का बेटा है. सुनील गांव में मजदूरी करता था. गुरुवार की सुबह वो घर से आम्रपाली की ओर गया और कोयला चुनकर बोरे में भरा. फिर इस कोयले को बाइक पर लोड कर वापस घर आ रहा था. जैसे ही सुनील सेरनदाग स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास पहुंचा, ट्रक की चपेट में आ गया.
हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भागने में कामयाब रहा. वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से उसे सेरनदाग उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया. हालांकि रास्ते में ही सुनील ने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है.

