अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, पुलिस काफी देर तक समझाने का प्रयास करती रही
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के सेवा सदन के नजदीक आरसी शर्मा लेन में एक खाली बिल्डिंग के छत पर चढ़कर एक युवक नीचे कूद गया. लेकिन नीचे खड़े स्थानीय लोगों ने उसकी हरकत को देखकर कंबल तानकर उसकी जान बचाने में सफलता हासिल की. हालांकि इस दौरान अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी और पुलिस भी युवक को समझाने का प्रयास करती रही.
प्राप्त जानकारी के मानसिक रूप से कमजोर और अक्सर नशे में रहने वाला युवक एक खाली बिल्डिंग के छत पर जा पहंचा और वहां से कूदने की बात कह कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा. जब लोगों की नजर उस पर पड़ी, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
वहीं मौके की नजाकत को भांपते हुए अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गयी. पुलिस और आसपास के लोग युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास करते रहे, इस बीच कुछ स्थानीय लोग कंबल लगाकर नीचे खड़े थे, इस कारण युवक की जान बच गई. बाद में युवक को लेकर पुलिस चली गई.
बताया गया है कि छत से कूदने वाला युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और इससे पहले भी वह कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका है, जबकि वह अक्सर नशे में में भी रहता है. पुलिस की ओर से युवक के परिजनों को थाने में बुलाया गया है और उसके समुचित इलाज की व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है.

