उत्तर प्रदेश: चित्रकूट जिले के राजापुर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा दो मासूम बच्चियों के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है. दोनों बच्चियां आपस में चचेरी बहने हैं. दुष्कर्म के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी.
राजापुर थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गुलाब त्रिपाठी ने कहा, “दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म किए जाने की वारदात बुधवार दोपहर की है. दोनों बच्चियों की उम्र सात और आठ साल है एवं दोनों आपस में सगी चचेरी बहने हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “दोनों बच्चियां बुधवार दोपहर अपने घर के बाहर खेल रही थीं, तभी गांव का युवक बलवीर सिंह (32) उन्हें टॉफी देने के बहाने सूनसान जगह ले गया और दोनों के साथ दुष्कर्म किया. बच्चियों के चीखने की आवाज सुनकर वहां पहुंचे ग्रामीणों को देखकर वह भाग गया.”
एसएचओ ने बताया कि परिजनों ने बुधवार की शाम थाने आकर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज करवाया है.
त्रिपाठी ने कहा, “वारदात के बाद से आरोपी गांव से फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पीड़ित बच्चियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है.”

