चांडिल : स्थानीय,नियोजन एवं भाषा नीति की मांग को लेकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को आजसू का झारखंड विधानसभा का घेराव कार्यक्रम था. पर पुलिस प्रशासन इसको लेकर चौकस था. आजसू पार्टी के द्वारा आहूत झारखंड विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर एनएच 33 पर पुलिस बल की जगह-जगह तैनाती की गयी थी. विधानसभा का घेराव करने जा रहे चांडिल के 48 आजसू कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन ने हिरासत में ले लिया. रांची जाने के दौरान चौका थाना गेट पर पुलिस ने कार्यकर्ता पकडे गये. चांडिल गोलचक्कर, चौका थाना गेट, रांगामाटी मोड़ पर भी पुलिस बल तैनात थे. पुलिस प्रशासन के द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आजसू कार्यकर्ताओं ने राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. जिला संगठन मंत्री लाल मोहन गोराई ने कहा की राज्य सरकार जनता की आवाज को दबाने का काम कर रही है. घेराव कार्यक्रम में आजसू पार्टी केंद्रीय सचिव हरेलाल महतो के छोटे भाई रूद्र प्रताप महतो, संगठन मंत्री लाल मोहन गोराई,रमापति महतो,पूर्व मुखिया गुरुचरण सिंह,प्रदीप महतो, अमूल्यो महतो,प्रशांत कुमार आदित्यदेव, रवींद्र नाथ महतो,अमित महतो आदि शामिल थे.

