कोलकाता: कोलकाता में एक व्यक्ति ने दरिंदगी दिखाते हुए दो बच्चों को शोर मचाने के लिए लिए चार मंजिल से नीचे फेंक दिया. इससे एक दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई और 6 वर्षीय एक अन्य बच्चा घायल है. घटना बुर्राबाजार इलाके की है. आरोपी की पहचान 55 वर्षीय शिव कुमार गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस ने उस पर मर्डर और अटेंप्ट टू मर्डर की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
कोलकाता के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) मुरलीधर शर्मा ने कहा है-पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुहान कबूल किया है. कमिश्नर ने बताया है कि आरोपी बच्चों के शोर मचाने की वजह से चिढ़ गया था.
कुछ दिनों पहले भी इसी मामले में वो बच्चों पर बरस पड़ा था लेकिन फिर बच्चों के मां-बाप ने मामले को शांत कराया था. लेकिन रविवार को फिर से बच्चे खेलने लगे. शिवकुमार को गुस्सा आ गया और फिर उसने ऐसी हरकत कर दी.
इस घटना के पीछे एक और एंगल भी सामने आया है. कहा जा रहा है कि आरोपी का दोनों बच्चों के पिता से एक पखवाड़े पहले विवाद हुआ था. मामला सिर्फ बच्चों से जुड़ा हुआ नहीं था.
पता चला है कि शिव कुमार गुप्ता एक झगड़ालू किस्म का आदमी और उसका पड़ोसियों के साथ अक्सर विवाद होता रहता है. हालांकि कमिश्नर शर्मा ने कहा है कि हम तहकीकात कर रहे हैं, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

