चतरा: चतरा जिले के इटखोरी थाना पुलिस ने एसपी ऋषभ झा के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाकर सात सौ ग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
इटखोरी पुलिस ने चतरा-इटखोरी मुख्य पथ पर पितिज बंगला चौक के समीप से अफीम के साथ दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया है. वहीं उनके पास से एक मारुति बलेनो कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किया है. गिरफ्तार तस्करों की पहचान नरचा खुर्द (दैहर) गांव निवासी विकास रंजन कुमार और पितिज गांव निवासी धीरज कुमार साव के रूप में हुई है.
इटखोरी थाना परिसर में कल शाम आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वरुण देवगम ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बलेनो कार से अफीम की एक खेप पितिज के रास्ते चौपारण जाने वाली है.
उक्त सूचना पर एक छापेमारी टीम गठित किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पितिज बंगला चौक पर मजिस्ट्रेट बैधनाथ कामती के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया.
इसी क्रम में मारूति बलेनो कार से लगभग 700 ग्राम अफीम बरामद किया गया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजते हुए मामले की जांच में जुट गई है.

