अरविन्द पटेल,
महराजगंज: महराजगंज जिले के सोनौली बॉर्डर से दो ट्रकों में तस्करी कर छिपाकर ले जा रही पीपीई किट की एक खेप बरामद कर 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम करीब 5:00 बजे भारत के सोनौली सीमा से नेपाल जा रहे मालवाहक ट्रकों की जांच के क्रम में सोनौली चौकी इंचार्ज अशोक कुमार तथा एसएसबी मेन गेट के इंस्पेक्टर प्रकाश झा की संयुक्त टीम सोनौली बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रही थी.
इस दौरान टीम ने दो ट्रकों को रोका और उसकी जांच किया तो केबिन में छिपाकर रखा गया कुछ पीपीई किट बरामद किया. चालकों से पूछताछ के बाद ट्रांसपोर्ट एजेंट, दोनों ट्रकों के चालक और सह चालकों को गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में कोतवाल सोनौली निर्भय सिंह ने बताया कि करीब 250 पीपीई किट बरामद कर एक ट्रांसपोर्ट एजेंट समेत पांच व्यक्तियों को पकड़ कर उनसे पूछताछ किया जा रहा है. पूरी तरह मामला खुल जाने के बाद इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी.

