गुजरात: गुजरात राज्य के अहमदाबाद शहर के रहने वाले अंजीत देसाई को अपनी लग्जरी कार को वापस पाने के लिए 27.68 लाख रुपए देने पड़े. रंजीत के पास 2 करोड़ रुपए वाली लग्जरी कार पोर्श है, जिसका साल 2017 से राज्य में रजिस्ट्रेशन नहीं था. साथ ही कार के दस्तावेज पूरे न होने के साथ ही वाहन टैक्स और उसका ब्याज बकाया था. ऐसे में अहमदाबाद के आरटीओ ने जर्मन ऑटो मोबाइल्स कंपनी की पोर्श 911 कार जब्त की.
ट्रैफिक डीसीपी अजीत राजन ने बताया कि नवंबर में कार मालिक से जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू की गई. इसमें पता चला कि रंजीत ने टैक्स बचाने के लिए कार को झारखंड से खरीदा और सिर्फ 4 लाख रुपए देकर पास बनवाया गया है. लेकिन गुजरात ट्रैफिक पुलिस के रोकने पर कार मालिक के पास न तो कागजात थे, न गाड़ी पर नंबर प्लेट.
कार पर 16 लाख रुपए का टैक्स, 7 लाख 68 हजार रुपए ब्याज और 4 लाख रुपए का जुर्माना था. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की तरफ से 25 फीसद मूल कर के साथ पोर्श कार के मालिक से 27 लाख 68 हजार रुपए वसूले गए. यह एक फोर सीटर और छह सिलेंडर वाली कार है.

