रांची: रांची जिले के हिंदपीढ़ी क्षेत्र से बैरिकेडिंग लांघ कर हरमू की ओर जाने की कोशिश कर रहे चार लोगों को अरगोड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हिंदपीढ़ी और अरगोड़ा के सीमा पर मौजूद सब्जी मंडी के पीछे कुछ लोगों द्वारा सीमा लांघकर आने की कोशिश करने की सूचना मिली थी.
उसी सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने स्थल पर मौजूद झाड़ियों में तलाश शुरू की. जिसमें चार लोग छुपे हुए थे. चारों को पकड़ लिया गया. ये लोग हिंदपीढ़ी से अरगोड़ा की ओर बाहर निकलने की फिराक में थे. जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
इनमें हिंदपीढ़ी निजाम नगर का मोहम्मद शेरू, सुभाष गली का रहने वाला दीपक गोयल, इलाही नगर का मोहम्मद गोलू और पुरानी रांची का रहने वाला मोहम्मद आजम का नाम शामिल है. यह चारों पुलिस को धोखा देकर चुपके से लॉकडाउन का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहे थे.
ज्ञात हो कि कोरोना वायरस के फैलने के बाद से हिंदपीढ़ी क्षेत्र को पूरी तरह से नाकेबंदी कर लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है. इसके बावजूद यह लोग सीमा लांघ कर पार करने की कोशिश कर रहे थे.

