जमशेदपुरः सीतारामडेरा पुलिस ने मानगो बस स्टैंड से बिहार के चार तस्करों को 22 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की कीमत 2.20 लाख रुपए आंकी गई है। चारों तस्कर रवींद्र यादव, मोतीचंद कुशवाहा, लोरिक यादव और शुभ गोस्वामी बिहार के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले हैं। चारों को सोमवार को जेल भेज दिया गया।
सिटी एसपी सुभाष चंद जाट ने मामले का खुलासा किया। इस दौरान सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश्वर मंडल भी मौजूद थे। सिटी एसपी ने बताया- चारों तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर चंपारण जा रहे थे। गुप्त सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड से चारों को पकड़ लिया।
जमशेदपुर से उन्हें दूसरी बस से चंपारण जाना था। चारों तस्करों के पास जांच के दौरान बैग से 22 KG गांजा बरामद हुआ। सिटी एसपी ने बताया चारों किसके पास से गांजा लेकर आ रहे थे, इसकी जांच चल रही है। मुख्य तस्कर को पकड़ने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।