दीपक,
रांची: राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की ग्रेडिंग में झारखंड के 65 कॉलेजों को संबद्धता (एक्रीडिटेशन) दी गयी है. अगस्त 2019 में मापदंडों को पूरा करनेवाले कॉलेजों को ए, बी ++, बी और सी ग्रेड की रैंकिंग दी गयी है. राज्य के एक सौ से अधिक कॉलेजों में से सिर्फ तीन को ही ए ग्रेड से नवाजा गया है. इसमें रांची के निर्मला महिला महाविद्यालय, घाटशिला कॉलेज और जमशेदपुर महिला कॉलेज शामिल है. बी ++ की श्रेणी में रांची के दो कॉलेज शामिल हैं. इनमें योगदा सत्संग महाविद्यालय और रांची महिला कॉलेज शामिल हैं. इनके अलावा केबी वूमेंस कॉलेज हजारीबाग और संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग भी शामिल हैं. बी + ग्रेड में करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर, टाटा कॉलेज चाईबासा, डोरंडा कॉलेज रांची, दिनेश कॉलेज ऑफ एजुकेशन गढ़वा, चतरा कॉलेज चतरा, बेथेसदा महिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान रांची, आदित्य नारायण कॉलेज दुमका और एएस कॉलेज देवघर का नाम सूचिबद्ध किया गया है. बी श्रेणी में रांची के संत जेवियर कॉलेज समेत 35 कॉलेज हैं, जबकि सी ग्रेड में 15 महाविद्यालयों को रखा गया है.
12 में से 5 विश्वविद्यालयों को नैक एक्रीडीटेशन
राज्य के 12 विश्वविद्यालयों में से पांच विश्वविद्यालयों को नैक एक्रीडिटेशन मिला हुआ है. इसमें रांची विश्वविद्यालय को बी++, विनोबा भावे विश्वविद्यालय को बी और कोल्हान, झारखंड राय यूनिवसिर्टी और सिदो कान्हू मुरमू विवि को सी ग्रेड मिला है.
कैसे मिलता है नैक का एक्रीडिटेशन
नैक का एक्रीडिटेशन कई मानकों पर दिया जाता है. इसमें शिक्षकों, प्राध्यापकों, प्रोफसरों की संख्या, डॉक्टरेट की उपाधी वाले प्राध्यापक, क्लासरूम में छात्रों की स्थिति, आधारभूत संरचना, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी समेत अन्य मूलभूत मानक हैं. इसके अलावा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों का अनुपालन किस हद तक हो रहा है. इसे भी एक पैमाना रखा गया है.