धनबाद: तोपचांची थाना क्षेत्र के लोकबाद पंचायत के लोकबाद गांव के रहने वाले हराधन रजक की पत्नी भादो देवी (45) ने बीती रात अपने शरीर पर केरोसिन तेल उड़ेलकर खुद की इहलीला समाप्त कर ली। बीते रात लगभग 12 बजे के बाद मृतिका के पति जब घर पहुंचा तो मृतिका भादो देवी पूरी तरह जल चुकी थी।
मृतिका के पति हराधन ने घर के बाहर लगी कुण्डी को रिश्तेदारों की मदद से तुड़वाया और खुद अपनी पत्नी के शरीर में लगे आग को बुझाया, लेकिन तब तक मृतिका भादो देवी के प्राण जा चुके थे। आनन-फानन में गांववालों और स्थानीय मुखिया को खबर दी गई। जिसके बाद अहले सुबह तोपचांची थाने को भी सूचना दी गई।
मृतिका के पति हराधन के अनुसार मृतिका पिछले लगभग दो साल से दिमागी रूप से बीमार थीं, जिसका इलाज रांची में कराया जा रहा था। मृतिका अपनी दिमागी बिमारी के कारण परेशान रहती थीं।
इससे पहले भी भादो देवी ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन गांववालों की मदद से वो बच गई थी। लेकिन बीते रात अकेले में मृतिका ने अपने ऊपर लगभग दो लीटर केरोसिन छिड़ककर अपने आपको आग लगा लिया, जिसके कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल तोपचांची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।