रांची: झारखंड की उपलब्धियों की फेहरिस्त में एक और उपलब्धि जुड़ गयी है. राज्य गठन के 20 साल बाद राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों की वरीयता सूची राज्य सरकार ने जारी कर दी है. इस सूची में जेपीएससी 1,2,3,4,5 के अलावा सीमित प्रतियोगिता परीक्षा 2, 3 और 4 के अफसरों के भी नाम शामिल हैं. इस वरीयता सूची में राज्य के 621 अफसरों को शामिल किया गया है. जानकारी के अनुसार राज्य प्रशासनिक सेवा के 305 पद रिक्त हैं. इनमें अवर सचिव स्तर के 138 पद हैं. इसके अलावा उप सचिव स्तर के 153, संयुक्त सचिव स्तर के 04, अवर सचिव स्तर के एक व विशेष सचिव स्तर के 09 पद हैं.
राज्य में आईएएस अफसरों का भी टोटा:
राज्य में आईएएस अफसरों का भी टोटा है. यहां आईएएस के 205 पद सृजित हैं, इनमें से 148 पदों पर आईएएस अधिकारी हैं. जबकि, आईएएस अफसरों के 57 पद अभी भी रिक्त हैं. इस वर्ष के अंत तक कई आईएएस अफसर सेवानिवृत्त हो जायेंगे और कई तो रिटायर भी हो चुके हैं. कई अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. यही हाल राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का भी है. जून तक कई अफसर रिटायर भी हो चुके हैं. इसके अलावा साल के अंत तक और भी कई अफसर सेवानिवृत्ति की कतार में हैं.
राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस बनें, उनकी रिटायरमेंट अवधि इस प्रकार है:
जो इस वर्ष रिटायर हो चुके हैं:
- अरविंद कुमार 31 मई 2020
- जगत नारायण प्रसाद 31 मई 2020
जो इस वर्ष में रिटायर होंगे:
- विनोद कुमार 30 जून 2020
- अनिल कुमार सिंह 30 सितंबर 2020
- रमाकांत सिंह 31 अक्टूबर 2020
- विनय कुमार रॉय 31 अक्टूबर 2020
- ब्रजमोहन राम 30 सितंबर 2020
- गणेश कुमार 31 जुलाई 2020