New delhi: – पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते संजय नाथ सिंह ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों का समर्थन किया है. संजय सिंह के संगठन आल इंडिया फाॅमर्स एसोसिएशन ने बुधवार को उन तीन नए कृषि कानूनों का समर्थन किया, जिनके विरोध में 40 किसान संगठन एक महीने से ज्यादा समय से राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं. संजय नाथ सिंह ने समर्थन के साथ ही केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के माध्यम से केन्द्र सरकार को कुछ सुझाव भी दिए हैं.
संजय नाथ सिंह ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों के साथ आठ जनवरी को होने वाली बातचीत में ये सुझाव मददगार साबित हो सकते हैं. एआईएफए ने कृषि अनुबंधों की निगरानी के लिए एक स्वतंत्र नियामक संस्था स्थापित करने, कृषि उत्पादों की खरीद और बिक्री में मूल्य की निगरानी के लिए मूल्य नियामक प्राधिकरण बनाने और अनुबंध समझौतों के प्रावधानों को लागू करने सहित अन्य सिफारिशें की हैं.नए कृषि कानूनों को भारतीय कृषि के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए संजय नाथ सिंह ने कहा कि चूंकि न्यूनतम समर्थन मूल्य और एपीएमसी मंडी प्रणाली पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छा काम कर रही है इसलिए यहां के किसानों को नए कानूनों को लेकर कुछ शंका है और केन्द्र ने उसके निवारण के लिए अपना सर्वोत्तम प्रयास किया है, जबकि निहित स्वार्थ वाले लोग और राजनीतिक अवसरवादी तत्व उन्हें भ्रमित कर रहे हैं. सिंह ने दावा किया कि नए कृषि कानून भारतीय कृषि के लिए आगे का रास्ता खोलेंगे.

